गुरुग्राम, 20 सितंबर (भाषा) हरियाणा के नूंह जिले में रविवार तड़के पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गो तस्करी के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जबकि उनके दो साथी मौके से फरार हो गए। घायल आरोपियों को उपचार के लिए नल्हड़ स्थित शहीद हसन खान मेवाती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक एसयूवी से तीन गाय, दो अवैध हथियार और सात कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना तड़के करीब 3:30 बजे घासेड़ा गांव के पास हुई। फिरोजपुर झिरका की गोहत्या निरोधक टीम ने उपनिरीक्षक महेंद्र सिंह के नेतृत्व में वहां नाकेबंदी की हुई थी। मवेशियों को ले जा रही एक एसयूवी को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक अवरोधक तोड़कर वाहन लेकर आगे बढ़ गया।
पुलिस टीम ने वाहन का पीछा किया।
उसने बताया कि इस दौरान चालक ने पुलिस वाहन को कथित तौर पर टक्कर मार दी और पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी जिसके बाद पुलिस ने जवाबी गोलीबारी की।
गोलीबारी के दौरान दो आरोपी फरार हो गए जबकि दो अन्य के पैरों में गोली लगने के बाद पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पलवल जिले के उतावर गांव निवासी शमशाद उर्फ सेंडा और अलीमेव गांव निवासी रोबिन के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि रोबिन के खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं और वह पहले से वांछित था तथा उसकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया गया था। शमशाद के खिलाफ दो मामले दर्ज हैं और राजस्थान पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर तीन हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दल छापे मार रहे हैं।
भाषा
राखी सिम्मी
सिम्मी