दिल्ली के पहाड़गंज में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो हथियारबंद बदमाश गिरफ्तार

Ads

दिल्ली के पहाड़गंज में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो हथियारबंद बदमाश गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - September 29, 2026 / 05:18 PM IST,
    Updated On - September 29, 2026 / 05:18 PM IST

नयी दिल्ली, 29 सितंबर (भाषा) दिल्ली पुलिस के साथ पहाड़गंज इलाके में एक संक्षिप्त मुठभेड़ के दौरान विकास कालिया गिरोह के दो सदस्य जख्मी हो गए जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान सात गोलियां चलीं और दोनों संदिग्धों के पैरों में गोली लगी है।

आरोपियों की पहचान आकाश उर्फ मट्ठी (27) और मुकेश उर्फ चीनू (35) के रूप में हुई है, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने सोमवार को पहाड़गंज में चेम्सफोर्ड रोड से रिजर्वेशन रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस टीम पर चार गोलियां चलाईं।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई में तीन गोलियां चलाईं।

उन्होंने बताया कि एक गोली हेड कांस्टेबल मोहित के सिर के पास से गई, जबकि दूसरी गोली हेड कांस्टेबल राजवीर की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी।

अधिकारी ने बताया कि उनके कब्जे से एक पिस्तौल और एक देसी कट्टा तथा एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस को जांच में पता चला कि यह मोटरसाइकिल 31 अगस्त को सब्जी मंडी थाना क्षेत्र से चोरी हुई थी।

अधिकारी ने कहा कि मध्य दिल्ली की पुलिस टीम 13 सितंबर को नबी करीम-सदर बाजार इलाके में बाबा रामदेव की शोभायात्रा के दौरान दो अपराधी गिरोहों के बीच हुई गोलीबारी की घटना की जांच कर रही थी।

उन्होंने बताया कि एक गोली एक व्यक्ति के बाएं हाथ में लगी थी।

अधिकारी ने बताया कि घटना में शामिल दो अपराधियों की पहचान वीडियो फुटेज के जरिए हुई।

पुलिस ने बताया कि आकाश को हाल में तड़ी पार किया गया था और यह अवधि खत्म होने के बाद वह फिर से आपराधिक गतिविधियों में शामिल हो गया।

अधिकारी ने बताया कि गोलीबारी की घटना को लेकर सदर बाजार और नबी करीम थानों में दो मामले दर्ज किए गए थे।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान तकनीकी निगरानी और जमीनी स्तर के प्रयासों से विकास कालिया गिरोह के सदस्य आकाश और मुकेश की कथित संलिप्तता स्थापित हुई।

अधिकारी ने बताया कि 28 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपी हथियार लेकर चोरी की मोटरसाइकिल से अपने विरोधियों की हत्या करने की मंशा से पहाड़गंज पहुंचेंगे।

पुलिस ने कहा कि नबी करीम इलाके के हिस्ट्रीशीटर आकाश के खिलाफ लूट, झपटमारी, चोरी और शस्त्र कानून के 13 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इलाके के हिस्ट्रीशीटर मुकेश के खिलाफ भी हत्या के प्रयास, गैर-इरादतन हत्या, लूट, झपटमारी और चोरी के सात मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने बताया कि इन गिरफ्तारियों से चार मामलों को सुलझा लिया गया है जिनमें गोलीबारी का एक, घर में चोरी के दो और मोटरसाइकिल चोरी का एक मामला शामिल है।

भाषा नोमान नोमान नरेश

नरेश