बारपेटा (असम), 11 मार्च (भाषा) असम के बारपेटा जिले से दो लोगों को कट्टरपंथी समूहों से कथित संबंध होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने मंगलवार रात सोरभोग थाना क्षेत्र में एक अभियान चलाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह कार्रवाई स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर की गई।
असम पुलिस मुख्यालय के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से बातचीत में कहा, “हमने कल रात बारपेटा से दो जिहादियों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है और आगे की जानकारी बाद में साझा की जाएगी।”
बारपेटा जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि यह ऑपरेशन स्थानीय पुलिस के सहयोग से चलाया गया था।
पिछले साल दिसंबर में असम और त्रिपुरा से 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया था जिन पर बांग्लादेश आधारित कट्टरपंथी संगठनों से कथित संबंध होने और पूर्वोत्तर क्षेत्र को अस्थिर करने की साजिश में शामिल होने का आरोप था।
भाषा रंजन नरेश
नरेश