ऑनलाइन लेनदेन के जरिए तीन लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में दो गिरफ्तार
ऑनलाइन लेनदेन के जरिए तीन लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में दो गिरफ्तार
जमशेदपुर, 11 जुलाई (भाषा) पंजाब के एक व्यक्ति से ऑनलाइन लेनदेन के जरिए तीन लाख रुपये से अधिक की ठगी करने के आरोप में शनिवार को झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी।
जमशेदपुर के नगर पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने बताया कि पंजाब के पटियाला के एक निवासी ने चार दिन पहले शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर पुलिस की तकनीकी प्रकोष्ठ सहित विभिन्न स्रोतों द्वारा साक्ष्य जुटाए जाने के बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
उन्होंने कहा, ‘आरोपियों ने शिकायतकर्ता को एक लिंक भेजकर उससे 3.08 लाख रुपये की ठगी की थी। आरोपियों के स्मार्टफोन जब्त कर लिए गए हैं। दोनों डुमरिया थाना क्षेत्र के खैरबानी बाकीसोल इलाके के निावसी हैं।’
पुलिस ने उनके पैन, आधार और एटीएम कार्ड, बैंक पासबुक और लेनदेन के विवरण भी जब्त किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि दोनों आरोपियों ने मामले में घाटशिला थाना क्षेत्र के दाहिगोड़ा के निवासी एक अन्य व्यक्ति की संलिप्तता का भी खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
भाषा प्रचेता रंजन
रंजन
रंजन

Facebook


