नयी दिल्ली, दो मार्च (भाषा) उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाके में समयपुर बादली मेट्रो स्टेशन के पास 20 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह घटना उनके बीच हुए विवाद के बाद हुई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना रविवार को घटी और सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर तुरंत पहुंची।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया,“मौके पर पहुंचने पर टीम को सड़क पर खून के धब्बे मिले। प्रारंभिक जांच में पता चला कि पीड़ित अंकित (20) को पहले ही पीसीआर वैन द्वारा पास के अस्पताल ले जाया जा चुका था। उसे रोहिणी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।”
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला कि अंकित और दोनों आरोपी शशि भूषण (22) और शिवम (25) एक साथ शराब पी रहे थे, और उनके बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद शिवम ने उसे चाकू मार दिया।
अधिकारी ने कहा कि दोनों लड़ाई के दौरान जख्मी हो गए और उन्हें बाद में बुराड़ी अस्पताल में पुलिस हिरासत में भर्ती कराया गया।
उन्होंने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार घटनास्थल के पास कूड़े के ढेर से बरामद कर लिया गया है और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
भाषा नोमान नोमान माधव
माधव