हाथरस में प्रोपर्टी डीलर एवं पत्रकार की हत्या के मामले में दो भाई गिरफ्तार

Ads

हाथरस में प्रोपर्टी डीलर एवं पत्रकार की हत्या के मामले में दो भाई गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - April 20, 2026 / 07:27 PM IST,
    Updated On - April 20, 2026 / 07:27 PM IST

नयी दिल्ली, 20 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के हाथरस में एक प्रॉपर्टी डीलर व पत्रकार की हत्या के सिलसिले में दो भाइयों को उत्तर-पश्चिम दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। इन दोनों भाइयों की गिरफ्तारी पर कुल 50,000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। एक अधिकारी सोमवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि आरोपी कमल शर्मा (38) और गौरव शर्मा (36) को हथियारबंद संदिग्धों की गतिविधि के बारे में मिली सूचना के बाद वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में प्रेमबाड़ी नाले के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी 35 वर्षीय वेद प्रकाश शर्मा उर्फ ​सोनू की हत्या के सिलसिले में वांछित थे। वेद प्रकाश हाथरस में प्रोपर्टी डीलर होने के साथ-साथ एक स्थानीय समाचार मंच से भी जुड़े हुए थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘सोनू छह अप्रैल को लापता हो गए थे और उनका शव अगले दिन सादाबाद-जलेसर मार्ग के पास एक नाले से मिला था।’

अधिकारी मुताबिक, जांच के दौरान पता चला कि हत्या का संबंध संपत्ति विवाद से था। आरोपियों ने सोनू पर उसकी संपत्ति बेचने का कथित तौर पर दबाव डाला था, लेकिन उसने इनकार कर दिया, जिसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या करने की साजिश रची।

हाथरस के सहपाऊ थाने में सात अप्रैल को मामला दर्ज किया गया था और आरोपी तब से फरार थे।

अधिकारी ने बताया कि घटना के बाद उत्तर प्रदेश पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था तथा 17 अप्रैल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जाल बिछाकर दोनों संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान, अधिकारियों ने कमल शर्मा के पास से दो कारतूस और एक अर्ध स्वचालित पिस्तौल और गौरव शर्मा से एक कारतूस व देसी कट्टा बरामद किया।

दोनों के खिलाफ अलग-अलग मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपियों ने हाथरस में हुई हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और कहा कि वे गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार थे।

पुलिस ने बताया कि आगे की जांच में पता चला कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी कई आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। हत्या के मामले में कानूनी कार्यवाही के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान नोमान जोहेब

जोहेब