मैहर (मध्यप्रदेश), 18 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के मैहर में शनिवार को एक तालाब में नहाने के दौरान डूबने से दो चचेरी बहनों की मौत हो गई जबकि दो युवतियों को बचा लिया गया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत पटेहरा तालाब में यह घटना हुई जब एक व्यक्ति की बरसी के मौके पर परिवार की महिलाएं अनुष्ठान करने तालाब गई थीं।
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) महेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि तालाब की गहराई में डूबने से मुकेश चौधरी नामक व्यक्ति की बेटी पूनम चौधरी (10) और रामसजीवन चौधरी नाम के व्यक्ति की बेटी आंचल चौधरी (20) की मौत हो गई। पूनम और आंचल चचेरी बहनें थीं।
उन्होंने बताया कि एक साल पहले इसी तालाब में डूबने से आंचल चौधरी के भाई की मौत हुई थी।
चौहान ने बताया कि भाई की बरसी से जुड़े एक अनुष्ठान के लिए परिवार की महिलाएं और बच्चे पटेहरा तालाब गए थे।
उन्होंने कहा कि इसी दौरान नहाते समय एक बच्ची का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में तीन और लड़कियां गहरे पानी में चली गईं।
उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद दो लड़कियों को बाहर निकाल लिया, जिनका सिविल अस्पताल मैहर में इलाज जारी है।
जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।
अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र
जोहेब
जोहेब