जयपुर, 25 मई (भाषा) सरिस्का टाइगर रिजर्व में दो शावकों का जन्म हुआ है, जिससे रिजर्व में बाघों की कुल संख्या बढ़कर 54 हो गई है। वन अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
ये शावक बाघिन एसटी-22 से तालवृक्ष रेंज क्षेत्र में जन्मे हैं। कैमरे में बाघिन की दोनों शावकों के साथ तस्वीर कैद हुई है।
सरिस्का फील्ड डायरेक्टर संग्राम सिंह ने बताया कि बाघों की संख्या में वृद्धि वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन प्रयासों की सफलता को दर्शाती है।
उन्होंने कहा कि शावकों और बाघिन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं। क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है और नियमित गश्त के लिए विशेष वन विभाग की टीम तैनात की गई हैं।
उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम को देखते हुए क्षेत्र के सभी जल क्षेत्रों को पुनः भरा जा रहा है ताकि वन्यजीवों के लिए पर्याप्त पेयजल उपलब्ध रहे।
भाषा बाकोलिया शोभना
शोभना