पत्तनमथिट्ठा (केरल), छह अगस्त (भाषा) केरल के पत्तनमथिट्ठा जिले में एक नाबालिग लड़की के कथित यौन उत्पीड़न के मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि लड़की के पिता सहित पांच अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, बाल यौन अपराध संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत सात अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। यह कार्रवाई तब की गई, जब 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली पीड़िता ने अपनी आपबीती अपनी सहपाठियों को बताई, जिसके बाद बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) ने हस्तक्षेप किया।
एक अधिकारी ने बताया कि मलयालापुझा थाने में छह प्राथमिकी और पेरुनाड थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई है, क्योंकि घटनाएं अलग-अलग समय पर हुई थीं। पुलिस के अनुसार, पीड़िता से कथित यौन उत्पीड़न तब से हो रहा था, जब वह पांचवीं कक्षा में पढ़ती थी।
पुलिस ने बताया कि जिन दो लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें वह मकान मालिक भी शामिल है, जिसके किराए के घर में पीड़िता वर्तमान में रहती है। दूसरा आरोपी उसी इमारत में रहने वाला एक व्यक्ति है।
अधिकारियों ने बताया कि जांच के सिलसिले में एक अन्य व्यक्ति से भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, वर्तमान में विदेश में रह रहे पीड़िता के पिता को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि सात आरोपियों में से एक की मौत हो चुकी है। जांच पूरी होने के बाद उसके संबंध में कानूनी कार्यवाही औपचारिक रूप से समाप्त कर दी जाएगी।
पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी एक-दूसरे के संपर्क या परिचय में नहीं थे और उन्होंने अलग-अलग समय पर अपराध को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की मां लॉटरी टिकट बेचने का काम करती हैं और लंबे समय तक घर से बाहर रहती हैं। इसी कारण लड़की के घर में अकेले होने पर आरोपी उसका यौन उत्पीड़न करते थे।
यह मामला तब सामने आया, जब पीड़िता ने अपनी आपबीती सहपाठियों को बताई। बाद में स्कूल प्रशासन को इसकी जानकारी मिली, जिसने मामला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को बताया।
काउंसलिंग के बाद पुलिस को सूचित किया गया और पीड़िता के बयान के आधार पर मामले दर्ज किए गए।
पुलिस ने बताया कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच पूरी कर ली गई है और एक मजिस्ट्रेट ने उसका बयान भी दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि हाल ही में एक अन्य मामले में एक नाबालिग ने 10 लोगों पर यौन उत्पीड़न का झूठा आरोप लगाया था। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने से पहले पुलिस ने शिकायत की सत्यता की प्रारंभिक जांच पूरी की।
भाषा गोला वैभव
वैभव