हल्द्वानी, छह जून (भाषा) उत्तराखंड में नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर में ई कॉमर्स कंपनी अमेजन के एक गोदाम में भीषण आगे लगने से दो कर्मचारियों की मौत हो गयी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी ।
हल्द्वानी के पुलिस अधीक्षक (नगर) मनोज कत्याल ने बताया कि शुक्रवार देर रात रामपुर रोड पर शीतल होटल के सामने स्थित अमेजन के गोदाम में आग लगने की सूचना मिली जिसके बाद पुलिस, दमकल विभाग तथा प्रशासानिक टीमें मौके पर पहुंचीं।
उन्होंने बताया कि गोदाम में आग तेजी से फैली जिस पर काफी प्रयासों के बाद काबू पाया गया।
कत्याल ने बताया कि आग बुझाने के बाद गोदाम के भीतर दो कर्मचारियों के शव मिले जिनकी पहचान हल्द्वानी के बागजाला निवासी 35 वर्षीय नरेंद्र प्रसाद और रामपुर रोड के रहने वाले 25 वर्षीय अमित आर्य के रूप में हुई ।
उन्होंने कहा कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक, आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।
भाषा सं दीप्ति नेत्रपाल शोभना
शोभना