गोड्डा, पांच सितंबर (भाषा) झारखंड के गोड्डा जिले से लापता हुईं दो लड़कियों को बिहार के एक रेलवे स्टेशन से ढूंढ लिया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, दोनों लड़कियों की उम्र 13-13 वर्ष है और वे शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, जिसके बाद लापता हो गई थीं।
दोनों नाबालिग जिले के महागामा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले फिरोजपुर गांव की रहने वाली हैं।
पुलिस ने बताया कि लड़कियों के माता-पिता की ओर से गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद उनकी तलाश के लिए अभियान शुरू किया गया था।
महागामा थाना प्रभारी अभिनव आनंद ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘हमने दोनों लड़कियों का पता पटना रेलवे स्टेशन पर लगाया। उनकी मोबाइल फोन ‘लोकेशन’ के आधार पर हमें सफलता मिली। इसके बाद हमने पटना में जीआरपी और आरपीएफ को जानकारी दी, जिन्होंने लड़कियों को ढूंढ लिया।’
उन्होंने बताया कि लड़कियों के परिजनों को इसकी सूचना दे दी गई है और उन्हें रविवार को वापस लाया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि दोनों लड़कियां पटना कैसे और क्यों पहुंचीं।
भाषा
शुभम माधव
माधव