बेंगलुरु में एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट से दो लोग घायल

Ads

बेंगलुरु में एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट से दो लोग घायल

  •  
  • Publish Date - February 10, 2026 / 12:34 PM IST,
    Updated On - February 10, 2026 / 12:34 PM IST

बेंगलुरु, 10 फरवरी (भाषा) बेंगलुरु में एक घर में कथित तौर पर एलपीजी सिलेंडर में विस्फोट के कारण भीषण आग लग जाने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना सोमवार शाम करीब सात बजे शहर स्थित के. आर. पुरम इलाके के मंजुनाथ लेआउट में हुई।

विस्फोट में घर की मालकिन पूर्णिमा (46) और पड़ोसी घर के किराएदार वेंकटेश (40) गंभीर रूप से झुलस गए।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी से पता चला कि इनमें से एक घर से गैस की तेज गंध आ रही थी, जिसके बाद वेंकटेश ने पूर्णिमा को संदिग्ध रिसाव के बारे में सतर्क किया।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि जब पूर्णिमा ने घर का दरवाजा खोलकर लाइट चालू की, तभी विस्फोट हो गया जिससे भीषण आग लग गई।

पुलिस ने बताया कि इस घटना में पूर्णिमा बुरी तरह झुलस गई और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। वेंकटेश को भी गंभीर चोटें आई हैं और दोनों का इलाज यहां के एक अस्पताल में किया जा रहा है।

पुलिस ने बताया कि यह आग दो मंजिला इमारत में लगी, जहां पूर्णिमा पहली मंजिल पर रहती थी जबकि दो अन्य मकान ऊपरी मंजिल पर स्थित थे।

दमकल एवं आपातकालीन सेवा कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पा लिया।

के. आर. पुरम थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है।

भाषा यासिर सिम्मी

सिम्मी