गुवाहाटी, आठ अगस्त (भाषा) असम के तामुलपुर जिले में दो लोगों को गिरफ्तार करके उनके कब्जे से हाथी के दो दांत बरामद किए गए हैं। यह जानकारी शनिवार को एक पुलिस बयान में दी गई।
बयान के अनुसार, राज्य पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने शुक्रवार रात को इस अभियान को अंजाम दिया।
ये गिरफ्तारियां तामुलपुर के बंगालीपारा से की गईं। हाथी के दोनों दांतो का वजन क्रमश: 2.09 किलोग्राम और 1.97 किलोग्राम है।
बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि गिरफ्तार व्यक्ति कथित तौर पर करीब 1.5 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की तय दर पर लगभग छह लाख रुपये में इन दांतों को बेचने की कोशिश कर रहे थे।
बयान के अनुसार, एसटीएफ ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार आरोपियों और बरामद सामान को जरूरी कानूनी कार्रवाई और जांच के लिए वन विभाग को सौंप दिया।
विभाग अब वन्यजीवों, उनके अंगों और उनसे बने उत्पादों की तस्करी से जुड़े अंतरराज्यीय और देशभर में फैले नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच कर रहा है।
भाषा प्रचेता संतोष
संतोष