नयी दिल्ली, पांच मार्च (भाषा) दिल्ली के कंझावला इलाके में ‘रोड रेज’ की घटना के बाद 36 वर्षीय टैक्सी चालक की चाकू मारकर हत्या करने के आरोप में पुलिस ने दो किशोरों को पकड़ा है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के संबंध में बुधवार को दोपहर 12.18 बजे पीसीआर को सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस की एक टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
उन्होंने बताया कि पीड़ित विकास शर्मा इलाके में घायल अवस्था में मिला और उसे संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में चिकित्सकों ने विकास को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि शर्मा की कार घटनास्थल पर खड़ी मिली और उसमें से उनका बटुआ और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए। एक चप्पल भी घटनास्थल से मिली, जिसके बारे में माना जा रहा है कि वह आरोपियों में से एक की है, जिसे सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया है।
भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने बताया कि तकनीकी निगरानी और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर, एक टीम ने अपराध में कथित रूप से शामिल दो नाबालिगों की पहचान की और उनका पता लगाकर उन्हें बुधवार और बृहस्पतिवार की दरमियानी रात को पकड़ लिया।
एक आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया। पुलिस ने घटना के समय आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।
पूछताछ के दौरान, नाबालिगों ने घटना में कथित तौर पर अपनी संलिप्तता स्वीकार की और पुलिस को बताया कि यह घटना तब घटी जब पीड़ित का वाहन उनमें से एक को छू गया था जिसके बाद उनके बीच कहासुनी हुई।
भाषा नोमान पवनेश
पवनेश