झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत

झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत

झारखंड में सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत
Modified Date: October 8, 2025 / 10:05 pm IST
Published Date: October 8, 2025 10:05 pm IST

गढ़वा/गुमला/सिमडेगा, आठ अक्टूबर (भाषा) झारखंड में बुधवार को अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) निवासी 28 वर्षीय बबलू सोनी की गढ़वा में उस समय मौत हो गई जब उनकी मोटरसाइकिल सुबह साढ़े सात बजे रांका थाना क्षेत्र के अंतर्गत एनएच-343 पर एक ट्रक से टकरा गई। सोनी गढ़वा से अंबिकापुर जा रहे थे।

रंका थाने के प्रभारी चेतन कुमार सिंह ने बताया, ‘‘शव को गढ़वा सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है।’’

गुमला जिले में रायडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत कांसिर के पास सुबह हुई दुर्घटना में एक दंपति और उनका दो साल का बच्चा घायल हो गया।

तीनों को इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि चैनपुर गांव की कलावती देवी (36) को रांची के रिम्स रेफर किया गया, लेकिन कथित तौर पर एम्बुलेंस उपलब्ध न होने के कारण उनकी मौत हो गई। वहीं उनके पति विनय बैगा (40) ने रिम्स में इलाज कराने से इनकार कर दिया।

सिविल सर्जन शंभू नाथ चौधरी ने कहा कि वह शहर से बाहर हैं और एम्बुलेंस विषय पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।

सिमडेगा जिले में एनएच-143 पर टुकुपानी पंचायत के पास दो ट्रकों की टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों के चालक और सह-चालक घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि उन्हें सिमडेगा के सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

भाषा शोभना अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में