खूंटी, 24 दिसंबर (भाषा) झारखंड के खूंटी जिले में मंगलवार को एक वाहन के पेड़ से टकरा जाने से दो युवकों की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने दी।
पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना रांची-सिमडेगा मार्ग पर कुल्दा जंगल के पास उस समय हुई, जब चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया, जिससे वाहन एक साइनबोर्ड से भिड़ने के बाद एक पेड़ से टकरा गया। पुलिस ने बताया कि घायल चालक को तोरपा रेफरल अस्पताल ले जाया गया।
तोरपा थाना प्रभारी प्रभात रंजन पांडेय ने बताया, ‘‘दोनों मृतक गेल इंडिया के कर्मचारी थे, जो कंपनी के काम से रांची से रनिया स्थित गेल स्टेशन जा रहे थे।’’
मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी आशीष कुमार सिंह और रांची के डोरंडा दर्जी मोहल्ला निवासी अरशद अली के रूप में हुई है।
घटनास्थल पर पहुंचे गेल के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि दोनों कंपनी के संविदा कर्मचारी थे। उन्होंने बताया कि अरशद एक कंप्यूटर ऑपरेटर, जबकि आशीष निरीक्षण अधिकारी थे।
भाषा अमित दिलीप
दिलीप