फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरने से दो मजदूरों की मौत

Ads

फरीदाबाद में दुकान का छज्जा गिरने से दो मजदूरों की मौत

  •  
  • Publish Date - July 15, 2026 / 05:23 PM IST,
    Updated On - July 15, 2026 / 05:23 PM IST

फरीदाबाद, 15 जुलाई (भाषा) फरीदाबाद में बुधवार सुबह एक बंद दुकान के बाहर निकले हुए छज्जे के गिरने से दो मजदूरों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, बल्लभगढ़ की चावला कॉलोनी के पास स्थित यह दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी।

दोनों मजदूर दुकान के बाहर निकले हुए छज्जे के नीचे पूर्वाह्न करीब 10 बजे खड़े थे, तभी छज्जा गिर गया और वे मलबे के नीचे दब गए।

स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दोनों को मलबे से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अमरजीत कुमार और संतोष कुमार के रूप में हुई है और दोनों बिहार के बेगूसराय के रहने वाले थे। उसने बताया कि वे मजदूरी करते थे और बल्लभगढ़ की जीवन नगर कॉलोनी में किराए के मकान में रहते थे।

थाना प्रभारी उमेश कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि हादसे की वजह लगातार हो रही बारिश और छज्जे की जर्जर हालत है।

उन्होंने कहा, ‘‘मामले की जांच जारी है। यदि किसी की लापरवाही सामने आती है तो उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”

भाषा

शुभम धीरज

धीरज