दिल्ली में कारों से कीमती सामान चुराने वाले तमिलनाडु के गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

Ads

दिल्ली में कारों से कीमती सामान चुराने वाले तमिलनाडु के गिरोह के दो सदस्य गिरफ्तार

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 09:45 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 09:45 PM IST

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) दिल्ली पुलिस ने तमिलनाडु के एक ऐसे गिरोह का भंड़ाफोड़ किया जो गाड़ियों से कीमती सामान चुराने के लिए ट्रेन से राष्ट्रीय राजधानी आते थे और जुर्म करके वापस अपने राज्य लौट जाते थे। पुलिस ने इस गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को बताया कि तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली के रहने वाले 42 वर्षीय गुनाशेखर और 27 वर्षीय गोकुल एम को बुधवार को एक गुप्त सूचना के बाद कमला नगर इलाके में जाल बिछाकर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक, यह गिरोह सड़कों के किनारे खड़ी कारों के शीशे तोड़ने और वाहनों के अंदर रखे गए लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चुराने में माहिर था।

उत्तर दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राजा बांठिया ने कहा, “ वे अपनी गतिविधियों और बातचीत के पकड़ में आने से बचने के लिए मोबाइल फोन नहीं रखते थे। आरोपियों के पास से चार लैपटॉप, तीन लैपटॉप चार्जर और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। यह बरामदगी रूपनगर, अशोक विहार और गोविंद पुरी थानों में दर्ज चार चोरी के मामलों से जुड़ी है।’

एक वकील ने शिकायत दी कि नौ जुलाई को कमला नगर में एक बैंक शाखा के पास खड़ी उनकी कार से उनका ऐप्पल आईपैड और अन्य कीमती सामान चोरी हो गया।

अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, संदिग्धों के भागने के रास्ते का पता लगाया और चेहरा पहचान प्रणाली (एफआरएस) का इस्तेमाल कर तीन सदस्यों की पहचान तिरुचिरापल्ली के निवासियों के रूप में की।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने खुलासा किया कि गिरोह का सरगना दीपक उर्फ कार्तिक है।

पुलिस ने कहा कि वे ट्रेन से दिल्ली आते थे, दिन में कई चोरियां करते थे और चोरी का माल को ठिकाने लगाने के बाद तमिलनाडु लौट आते थे।

डीसीपी ने बताया कि गिरोह के बाकी सदस्यों को गिरफ्तार करने और चोरी का और सामान बरामद करने के प्रयास जारी हैं।

भाषा नोमान

नोमान पवनेश

पवनेश