ब्रिगेडियर पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को पुलिस से जमानत मिली

Ads

ब्रिगेडियर पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को पुलिस से जमानत मिली

  •  
  • Publish Date - April 15, 2026 / 04:34 PM IST,
    Updated On - April 15, 2026 / 04:34 PM IST

नयी दिल्ली, 15 अप्रैल (भाषा) दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत एन्क्लेव में सेना के ब्रिगेडियर और उनके बेटे पर हमला करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए दो लोगों को पुलिस से जमानत मिल गई है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है। एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।

इस घटना के सिलसिले में आरोपियों की पहचान विमानन कंपनी के निदेशक सतेंद्र उर्फ ​सोनू (49) और ढाबा मालिक संजय शर्मा (56) के तौर पर हुई है जिन्हें मंगलवार को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने बताया कि दोनों को कानूनी प्रावधानों के अनुसार जमानत पर रिहा कर दिया गया है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने और उनसे पूछताछ करने के प्रयास जारी हैं।

जांचकर्ताओं के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल की रात को घटी। ब्रिगेडियर और उनके बेटे ने अपने घर के बाहर एक कार में कथित तौर पर शराब पी रहे दो व्यक्तियों को टोका। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ और लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने अधिकारी और उनके बेटे पर कथित तौर पर हमला किया, साथ ही उनकी पत्नी को गाली दी और धमकी दी।

पुलिस ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और घटना से जुड़े वाहन को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि कई टीमें ऑनलाइन सामने आए वीडियो सहित सबूतों की जांच कर रही हैं।

भाषा नोमान नोमान रंजन

रंजन