दिल्ली में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत

Ads

दिल्ली में अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो लोगों की मौत

  •  
  • Publish Date - September 27, 2026 / 11:29 PM IST,
    Updated On - September 27, 2026 / 11:29 PM IST

नयी दिल्ली, 27 सितंबर (भाषा) पूर्वी दिल्ली में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना के संबंध में रविवार मध्यरात्रि के आसपास पीसीआर को फोन करके सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उसने बताया कि वहां सलीमगढ़ फ्लाईओवर के पास एमजी रोड पर दो घायल पुरुष बेहोशी की हालत में पड़े मिले।

पुलिस ने बताया कि दोनों को लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी मोहित कुमार (22) और शुभम शर्मा (23) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, घटनास्थल से एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। उसने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवकों को किसी वाहन ने टक्कर मारी थी।

पुलिस ने बताया कि आईपी एस्टेट थाने में संबंधित धाराओं के तहत एक मामला दर्ज कर लिया गया है। उसने बताया कि दुर्घटना में शामिल वाहन की पहचान के लिए पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

भाषा

शुभम अमित

अमित