नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) कांग्रेस ने गर्मी से निपटने की दिल्ली सरकार की एक कार्ययोजना को लेकर बृहस्पतिवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के हालिया बयान का हवाला देते हुए तंज किया कि ‘गर्मी का इलाज, जेब में रखो प्याज’ वाली कार्ययोजना पहले ही शुरू हो चुकी है।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने गत 27 अप्रैल को कहा था कि चिलचिलाती धूप और लू से शरीर को बचाने के लिए जेब में एक प्याज रखना चाहिए।
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘दिल्ली की मुख्यमंत्री (रेखा गुप्ता) ने हाल ही में देश की राजधानी में गर्मी से निपटने के लिए एक कार्ययोजना की घोषणा की है, जिसे ‘गर्मी से जंग, दिल्ली सरकार के संग’ कहा गया है।’
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, ‘दरअसल, उनके भाजपा सहयोगी और मोदी सरकार के एक मंत्री (सिंधिया) ने पहले ही ‘हीट एक्शन प्लान’ शुरू कर दिया है: गर्मी का इलाज, जेब में रखो प्याज।’
राष्ट्रीय राजधानी में भीषण गर्मी के बीच मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को सचिवालय से 13 विशेष वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन वैन के जरिए लोगों के बीच गमछा, टोपी, ठंडा पानी और ओआरएस के पैकेट वितरित किए जाएंगे।
गुप्ता ने एक पुस्तिका भी जारी की जिसमें बढ़ते तापमान से निपटने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए उपायों का विवरण दिया गया है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को लू से बचाना उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
भाषा हक माधव अविनाश
अविनाश