गुमला/हजारीबाग, 16 अप्रैल (भाषा) झारखंड के गुमला जिले में बृहस्पतिवार को एक नदी में नहाते समय दो नाबालिग लड़कियों की डूबने से मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
उसने बताया कि यह घटना बासिया थाना क्षेत्र में पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे हुई।
एसडीपीओ नजीर खान ने बताया, ‘शनिचर टोला की छह लड़कियां चुटिया नदी में नहाने गई थीं। नहाते समय दो लड़कियां गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। उनकी चीखें सुनकर स्थानीय लोग उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गए।’
उन्होंने कहा, ‘उन्हें नदी से बाहर निकाला गया और बासिया के रेफरल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।’
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान काजल कुमारी और दीप शिखा कुमारी के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में हजारीबाग जिले के घाघरा बांध जलाशय में नहाते समय 21 वर्षीय एक युवक डूब गया।
उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सुबोध कुमार के रूप में हुई है और वह अपने पांच दोस्तों के साथ बांध पर गया था।
उन्होंने बताया कि उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल भेज दिया गया है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत