कोच्चि में ग्लाइडर के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो नौसैन्य कर्मियों की मौत

Ads

कोच्चि में ग्लाइडर के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो नौसैन्य कर्मियों की मौत

  •  
  • Publish Date - October 4, 2020 / 11:05 AM IST,
    Updated On - November 29, 2022 / 08:32 PM IST

कोच्चि (केरल), चार अक्टूबर (भाषा) कोच्चि में नियमित उड़ान के दौरान रविवार सुबह एक ग्लाइडर के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से नौसेना के दो कर्मियों की मौत हो गई।

एक रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि नौसेना के ग्लाइडर ने नियमित प्रशिक्षण के दौरान नौसेना के एयर स्टेशन, आईएनएस गरुड़ से उड़ान भरी थी। ग्लाइडर सुबह करीब सात बजे नौसैन्य अड्डे के पास थोप्पुमपाडी पुल के निकट हादसे का शिकार हो गया।

उन्होंने बताया कि ग्लाइडर में सवार चालक दल के सदस्यों लेफ्टिनेंट राजीव झा एवं पेटी ऑफिसर सुनील कुमार को मलबे से बाहर निकाला गया और नौसैन्य अस्पताल आईएनएचएस संजीवनी ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।

प्रवक्ता ने बताया कि दक्षिणी नौसेना कमान ने इस हादसे के संबंध में बोर्ड ऑफ इन्क्वायरी का आदेश दिया है।

उन्होंने बताया कि बिहार में भोज के रहने वाले कुमार एक अनुभवी ग्लाइडर पायलट थे। वह अविवाहित थे। लेफ्टिनेंट झा उत्तराखंड में देहरादून के रहने वाले थे। उनके दो बच्चे हैं।

भाषा सिम्मी नरेश

नरेश