नयी दिल्ली, 25 मई (भाषा) पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में एक होटल के बाहर बिलिंग से संबंधित विवाद को लेकर गोलीबारी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने आरोपी 19 वर्षीय अजय उर्फ अज्जू और नाबालिग के पास से दो अर्धस्वचालित पिस्तौल और चार कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस ने एक बयान में कहा कि यह घटना 20-21 मई की दरमियानी रात को विवेक विहार स्थित जिंजर होटल के बाहर हुई, जब नकाबपोश हमलावरों ने कथित तौर पर होटल के गेट पर चार गोलियां चलाईं और फिर फरार हो गए।
विवेक विहार थाने में मामला दर्ज किया गया और गाजीपुर इलाके में संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में मिली जानकारी के आधार पर विशेष प्रकोष्ठ ने जांच शुरू की।
अधिकारी ने बताया, ’23 मई को मिली सूचना के आधार पर, गाजीपुर थाने के पीछे, लिंक रोड के पास गाजीपुर पेपर मार्केट में जाल बिछाया गया, जहां दोनों आरोपियों को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि आरोपी और उनके साथियों में इस महीने की शुरुआत में क्लब में आयोजित एक पार्टी के दौरान बिल को लेकर हुए झगड़े के बाद होटल प्रबंधन के खिलाफ द्वेष था।
अधिकारी ने कहा, ‘प्रबंधन से बदला लेने और उसे डराने के लिए, आरोपियों ने होटल के द्वार के बाहर गोलीबारी की।’
पुलिस ने बताया कि अजय पहले भी हत्या के प्रयास के एक मामले में शामिल था।
भाषा नोमान
नोमान माधव
माधव