दुमका/चाईबासा, 28 सितंबर (भाषा) झारखंड के दुमका और चाईबासा में रविवार को दो सड़क दुर्घटनाओं में आठ साल के एक बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिले में सिंहपोखरिया रेलवे स्टेशन के पास चाईबासा-जगन्नाथपुर रोड पर सुबह एक बस ने बच्चे को कुचल दिया था।
चाईबासा मुफस्सिल पुलिस थाने के प्रभारी चंद्र शेखर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि गुस्साए लोगों ने बच्चे के लिए मुआवजे की मांग करते हुए कुछ देर के लिए सड़क जाम कर दी।
उन्होंने बताया, “बच्चे की पहचान कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के टांगर निवासी सुखलाल सिरका (8) के रूप में हुई है।”
पुलिस ने बस को जब्त कर लिया जबकि चालक फरार हो गया।
अधिकारी ने बताया, ‘‘बस मालिक द्वारा बच्चे के परिवार को मुआवजे के तौर पर एक लाख रुपये देने के बाद स्थानीय लोग जाम हटाने पर सहमत हुए।’’
एक अन्य सड़क दुर्घटना में, नरेश मरांडी नामक 55 वर्षीय व्यक्ति ट्रक की चपेट में आ गया और साहिबगंज-दुमका रोड पर उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना में उनका बेटा भी घायल हो गया, जिसे दुमका के मसलिया स्थित एक नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
मसलिया थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए दुमका सदर अस्पताल भेज दिया गया है।
रंजन ने कहा, ‘‘हमने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक को गिरफ्तार कर लिया है।’’
भाषा प्रीति रंजन
रंजन