बारिपदा, 13 मई (भाषा) ओडिशा के मयूरभंज जिले में बुधवार को मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति ने कथित तौर पर धारदार हथियार से हमला करते हुए दो लोगों की हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि यह घटना तिरिंग थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुलुघुतु गांव में हुई।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान मोचका अल्दा (28) के रूप में हुई और उसने अपने घर के पास सड़क में दो लोगों पर अचानक हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान बुधेश्वर राणा (48) और गोपीनाथ सरदार (62) के रूप में हुई है। उनके सिर में गंभीर चोटें लगी थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
रायरांगपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) बीरेंद्र कुमार सेनापति ने बताया कि घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने आरोपी को काबू कर लिया और उसकी कथित तौर पर पिटाई की, जिससे उसके दोनों पैरों में चोटें आईं।
अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया।
सेनापति ने कहा, ‘‘आरोपी को पुलिस की हिरासत में ही इलाज के लिए रायरंगपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया।’’
पुलिस ने मृतक के परिजन और स्थानीय गवाहों की मौजूदगी में जांच की, जिसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए ले जाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया गया है और घटना के संबंध में जांच की जा रही है।
भाषा यासिर माधव
माधव