दिल्ली में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे पकड़े गए
दिल्ली में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो लुटेरे पकड़े गए
नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया जो सड़कों पर लूटपाट और छीना-झपटी करते थे। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान प्रमोद कुमार उर्फ टूटन (32) और राजेश (34) के पैरों में गोली लगी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मौके से दो पिस्तौल, चोरी की एक मोटरसाइकिल और कारतूस के सात खाली खोखे बरामद किए गए।
दक्षिणपूर्व दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) हेमंत तिवारी के अनुसार, दोनों झपटमारी के कम से कम चार मामलों में वांछित थे।
पुलिस ने बताया कि सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि दोनों व्यक्ति लाजपत नगर के जल विहार इलाके में आ सकते हैं। जानकारी की पुष्टि करने के बाद पुलिस ने इलाके में जाल बिछाया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि देर रात करीब 12.15 बजे आरोपी मोटरसाइकिल से आए और उन्हें रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देखते ही वे वाहन छोड़कर भागने लगे।
उनके मुताबिक, पीछा करने के दौरान आरोपी ने पुलिस दल पर कथित रूप से गोलीबारी की और तीन गोलियां चलाईं। अधिकारियों ने बताया कि जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने चार गोलियां चलाईं और दोनों के पैरों में गोली लगी। उन्हें काबू में कर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
पुलिस ने बताया कि नजफगढ़ के नांगली विहार एक्सटेंशन निवासी प्रमोद का लंबा आपराधिक इतिहास है और उसके खिलाफ लूट, झपटमारी, हत्या के प्रयास आदि के 113 मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि उसके सहयोगी राजेश के खिलाफ 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
भाषा नोमान
नोमान अविनाश
अविनाश

Facebook


