हरियाणा में हत्या के आरोपी दो शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

हरियाणा में हत्या के आरोपी दो शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

हरियाणा में हत्या के आरोपी दो शूटर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
Modified Date: March 19, 2026 / 05:57 pm IST
Published Date: March 19, 2026 5:57 pm IST

चंडीगढ़, 19 मार्च (भाषा) एक प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में शामिल दो हमलावरों को बृहस्पतिवार को हरियाणा के कैथल में पंजाब पुलिस की टीम के साथ हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।

पंजाब के मोहाली जिले के मुल्लांपुर इलाके के रहने वाले 31-वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर चरणप्रीत सिंह की बुधवार को चंडीगढ़ के सेक्टर नौ में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद हमलावर फरार हो गए थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मानवीय एवं तकनीकी जानकारी के आधार पर पंजाब पुलिस की ‘‘एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स’’ (एजीटीएफ) की टीम ने आरोपियों का कैथल में पता लगाया।

उन्होंने बताया कि दोनों की पहचान फिरोजपुर निवासी राजन उर्फ ​​पीयूष पहलवान और नवांशहर निवासी प्रीतम शाह के तौर पर हुयी थी।

उन्होंने बताया कि जब टीम ने आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की, तो उन्होंने पुलिसकर्मियों पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस की टीम ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की ।

अधिकारी ने बताया कि दोनों आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस ने आरोपियों से तीन हथियार और एक मोटरसाइकिल बरामद की।

सिंह की चंडीगढ़ के एक पॉश बाजार में उस वक्त गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह जिम गए थे।

भाषा रंजन सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में