दो बार के पूर्व विधायक दलबीर सिंह वेरका अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हुए

दो बार के पूर्व विधायक दलबीर सिंह वेरका अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हुए

दो बार के पूर्व विधायक दलबीर सिंह वेरका अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हुए
Modified Date: August 3, 2026 / 08:22 pm IST
Published Date: August 3, 2026 8:22 pm IST

अमृतसर, तीन अगस्त (भाषा) दो बार के पूर्व विधायक दलवीर सिंह वेरका ने सोमवार को अमृतपाल सिंह के नेतृत्व वाले अकाली दल वारिस पंजाब दे का दामन थाम लिया।

वेरका अपने भाई और शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के सदस्य विक्रमजीत सिंह कोटला के साथ पार्टी में शामिल हुए।

दोनों नेताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए अकाली दल वारिस पंजाब दे के कार्यकारी अध्यक्ष तरसेम सिंह ने कहा कि वेरका और कोटला के शामिल होने से 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब में पार्टी को मजबूती मिलेगी।

तरसेम सिंह खडूर साहिब के सांसद अमृतपाल सिंह के पिता हैं।

वेरका ने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत कांग्रेस से की थी। वह 1985 में पहली बार पंजाब विधानसभा के लिए वेरका विधानसभा क्षेत्र (अब अमृतसर पूर्व) से निर्वाचित हुए थे। बाद में उन्होंने शिरोमणि अकाली दल का दामन थामा और 2007 में इसी सीट से दोबारा विधायक चुने गए।

वेरका ने 2017 में जंडियाला विधानसभा सीट और 2022 में अमृतसर पश्चिम (आरक्षित) सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।

वर्ष 2024 में उन्होंने आम आदमी पार्टी का रुख किया था और अब वह अकाली दल वारिस पंजाब दे में शामिल हो गए हैं।

राजनीति में आने से पहले वेरका ‘पंजाब लोक स्वास्थ्य सेवाएं’ में चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे। एमबीबीएस की डिग्री हासिल करने वाले वेरका शिरोमणि अकाली दल सरकार के दौरान ‘पंजाब सेवा अधिकार आयोग’ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं।

भाषा

राखी प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में