मोतिहारी, 26 जून (भाषा) भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और बिहार पुलिस ने पूर्वी चंपारण जिले से उज्बेकिस्तान की दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। ये महिलाएं भारत में अवैध रूप से रह रही थीं। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार, हरैया थाना क्षेत्र के मैत्री पुल के निकट कस्टम चौक पर एसएसबी ने हरैया पुलिस के सहयोग से दोनों महिलाओं को उस समय गिरफ्तार किया, जब वे भारत से नेपाल जाने का प्रयास कर रही थीं।
पुलिस द्वारा जारी बयान के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों महिलाओं ने स्वीकार किया कि वे भारत में अवैध रूप से रह रही थीं।
हरैया थाना प्रभारी किशन कुमार पासवान ने बताया कि गिरफ्तार महिलाओं की पहचान उज्बेकिस्तान की रहने वाली मखफूजा देखकोनोवा (32) और मफ्तुना किलिचेवा (35) के रूप में हुई है।
उन्होंने बताया कि दोनों महिलाओं को एसएसबी ने भारत से नेपाल की सीमा पार करने के प्रयास के दौरान पकड़ा और बाद में उन्हें हरैया थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
भाषा
कैलाश रवि कांत