एसयूवी की टक्कर से कार में महिला की गोद में बैठी दो साल की बच्ची खिड़की से बाहर गिरी, मौत

Ads

एसयूवी की टक्कर से कार में महिला की गोद में बैठी दो साल की बच्ची खिड़की से बाहर गिरी, मौत

  •  
  • Publish Date - April 14, 2026 / 05:12 PM IST,
    Updated On - April 14, 2026 / 05:12 PM IST

नयी दिल्ली, 14 अप्रैल (भाषा) बाहरी दिल्ली के अलीपुर इलाके में एक एसयूवी वाहन ने एक कार को पीछे से टक्कर मार दी। इस घटना में कार में सवार महिला की गोद में बैठी दो वर्षीय बच्ची गाड़ी से बाहर जा गिरी और उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

इस कार में बच्ची, उसकी मां और चार अन्य लोग यात्रा कर रहे थे।

दुर्घटना के बाद, ‘स्पोर्ट यूटिलिटी व्हीकल’ (एसयूवी) टोयोटा फॉर्च्यूनर का चालक अपना वाहन वहीं छोड़कर भाग गया।

पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार अपराह्न करीब दो बजे जीटीके रोड पर एक यातायात सिग्नल के पास हुई।

एक अधिकारी ने बताया कि एसयूवी कथित तौर पर 100 से 120 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी और उसने एक मारुति सेलेरियो कार को टक्कर मार दी, जिसमें चार वयस्क और दो बच्चे सवार थे।

मामले की प्राथमिकी के अनुसार, टक्कर के कारण कार सड़क पर घूम गई और डिवाइडर से टकरा गई।

अधिकारी ने कहा, ‘बच्ची अपनी मां की सहेली की गोद में आगे की सीट पर बैठी थी और कार की खिड़की खुली हुई थी।’

उन्होंने बताया कि टक्कर के कारण बच्ची उछलकर कार की खिड़की से बाहर सड़क पर गिर गई।

प्राथमिकी के अनुसार, हरियाणा के सोनीपत के 47 वर्षीय शिकायतकर्ता रविंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि वे रानी खेड़ा से लौट रहे थे तभी यह दुर्घटना हुई।

सिंह ने कहा, “वातानुकूलन यंत्र खराब था इसलिए हमने कार की खिड़कियां खुली रखी थी। मेरी बेटी ज्योति आगे की सीट पर बच्ची को गोद में लिए बैठी थी तभी एक तेज रफ्तार वाहन ने हमें पीछे से टक्कर मार दी।’

उन्होंने बताया कि दो वर्षीय बच्ची देवांशी की मां आरती गाड़ी चला रही थी।

पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार एसयूवी ने छोटी कार को उसी समय टक्कर मारी जब सिग्नल पर लाइट हरी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि सड़क पर गिरने से बच्ची के सिर में गंभीर चोट आई और उसे नरेला के सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र (एसआरएचसी) अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना में दो लोग घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया।

एक अधिकारी ने बताया, ‘प्रारंभिक जांच के दौरान, पुलिस ने दुर्घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल की जांच के लिए अपराध टीम को भी बुलाया गया और जांच के तहत सबूत एकत्र किए गए।’

उन्होंने कहा, ‘…यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि क्या चालक ने इलाके से भागने के लिए किसी टैक्सी, दोपहिया वाहन या अन्य साधन का इस्तेमाल किया।’

भाषा नोमान

नोमान अविनाश

अविनाश