गुजरात के बनासकांठा में चंडीपुरा वायरस से राजस्थान की दो-वर्षीय बच्ची की मौत, मृतकों की संख्या आठ

गुजरात के बनासकांठा में चंडीपुरा वायरस से राजस्थान की दो-वर्षीय बच्ची की मौत, मृतकों की संख्या आठ

गुजरात के बनासकांठा में चंडीपुरा वायरस से राजस्थान की दो-वर्षीय बच्ची की मौत, मृतकों की संख्या आठ
Modified Date: July 21, 2026 / 10:36 pm IST
Published Date: July 21, 2026 10:36 pm IST

बनासकांठा, 21 जुलाई (भाषा) राजस्थान के सिरोही जिले की दो-वर्षीय बच्ची की गुजरात के बनासकांठा जिले के अस्पताल में चंडीपुरा वायरस संक्रमण के इलाज के दौरान मौत हो गई। बनास मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनील जोशी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

डॉ जोशी ने बताया कि बच्ची को 13 जुलाई को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और अगले दिन उसकी जांच में चंडीपुरा वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई। उसे छह दिन तक शिशु रोग संबंधी आईसीयू में भर्ती रखकर इलाज किया गया, लेकिन 19 जुलाई को उसकी मौत हो गई।

गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री प्रफुल पानशेरिया ने बताया कि राज्य में इस वर्ष अब तक चंडीपुरा वायरस के 63 संदिग्ध मामले सामने आए हैं। इनमें 12 मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिनमें नौ गुजरात और तीन राजस्थान के हैं। अबतक आठ संक्रमितों की मौत हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्वास्थ्य जांच, कच्चे मकानों और पशुशालाओं के आसपास सैंडफ्लाई नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिला अस्पतालों में बच्चों के लिए आईसीयू बेड, वेंटिलेटर और आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

चंडीपुरा वायरस से मस्तिष्क में सूजन (एन्सेफलाइटिस) हो सकती है। इसके लक्षणों में तेज बुखार, दौरे, उल्टी, दस्त और बेहोशी शामिल हैं। सरकार ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों में ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाएं।

भाषा

राखी सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में