केरल में यूडीएफ को भारी जीत मिलेगी, राजग अपना खाता भी नहीं खोल पाएगा: कांग्रेस नेता सतीशन

Ads

केरल में यूडीएफ को भारी जीत मिलेगी, राजग अपना खाता भी नहीं खोल पाएगा: कांग्रेस नेता सतीशन

  •  
  • Publish Date - April 10, 2026 / 02:16 PM IST,
    Updated On - April 10, 2026 / 02:16 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

कोच्चि, 10 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन ने शुक्रवार को केरल में संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की भारी जीत का विश्वास व्यक्त करते हुए दावा किया कि गठबंधन पांच जिलों में विरोधियों का सूपड़ा साफ कर देगा। उन्होंने इस अटकल को खारिज कर दिया कि राजग केरल में अपना खाता खोलेगा।

विधानसभा चुनाव खत्म होने के बाद सतीशन ने यहां पत्रकारों से बातचीत में चुनाव के दौरान यूडीएफ नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 30 वर्षों में सबसे अच्छा प्रदर्शन है।

उन्होंने कहा कि यूडीएफ को 100 से अधिक सीट मिलने का उनका दावा महज एक बयान नहीं है बल्कि यह उस काम पर आधारित है जो मोर्चे ने पिछले पांच वर्षों में उन सभी को वापस लाने के लिए किया है जिन्होंने 2005 में इसे छोड़ दिया था और परिणामस्वरूप राज्य में इसके पक्ष में एक बड़ी लहर आई।

राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता ने परवूर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेतृत्व वाले गठबंधन को समाज में अल्पसंख्यकों और हाशिए पर रहने वाले समूहों का भी व्यापक सामाजिक समर्थन प्राप्त है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा एलडीएफ शासन से निराश लोगों में सत्ता विरोधी भावना है। उन्होंने कहा कि यूडीएफ ने उन्हें एक उम्मीद और एक विकल्प प्रदान किया है जो अतीत में किसी अन्य विपक्षी दल ने नहीं किया था।

सतीशन के अनुसार, मतदान प्रतिशत में वृद्धि इसलिए हुई क्योंकि यूडीएफ ने मतदाता सूची में लोगों को शामिल करवाया।

उन्होंने महिला या युवा मुख्यमंत्री के बारे में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की टिप्पणियों को भी खारिज करते हुए कहा कि ‘‘वे अब ऐसे बयान दे सकते हैं क्योंकि वे जानते हैं कि वे जीत नहीं सकते’’।

जब उनसे पूछा गया कि क्या राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) अपना खाता खोलेगा, खासकर उन क्षेत्रों में जहां यूडीएफ ने दावा किया है कि भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन ने एलडीएफ के साथ समझौता किया है, इस पर सतीशन ने ‘नहीं’ में जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल उन्हें राज्य में राजग के खाता खोलने की कोई संभावना नजर नहीं आती।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव