अयोध्या, 10 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में शुक्रवार सुबह एक महिला ने विवाद के बाद कथित तौर पर अपने पति की हत्या कर दी और फिर अपने 22 दिन के बच्चे को घर पर छोड़कर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पुलिस के मुताबिक यह घटना अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र के गरेरू गांव की है। इस घटना में बाद में बच्चे की भी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घटनाक्रम की शुरुआत तब हुई जब शुक्रवार की सुबह घर के बुजुर्ग सदस्य गेहूं काटने के लिए खेत में गये थे। घर पर शिवा (27) और उसकी पत्नी संजू (26) के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। गुस्से में आकर संजू ने अपने पति शिवा के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
अपराध को छिपाने के लिए संजू ने अपने पति के शव और 22 दिन के नवजात शिशु को कमरे में बंद कर दिया और बाहर से ताला लगाकर देवराकोट रेलवे ट्रैक पर चली गई जहां वह ट्रेन के सामने कूद गई।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बलवंत चौधरी ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि देवराकोट के पास ट्रेन की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गयी है।
पहचान के बाद जब पुलिस उसके घर पहुंची तो घर बाहर से बंद था। ताला तोड़ने पर अंदर पति शिवा का शव मिला और उसके सिर पर चोट के निशान थे। पास में ही 22 दिन का नवजात शिशु था, जिसकी बाद में इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ है, जिसमें उसने उत्पीड़न का जिक्र किया है।
चौधरी ने बताया कि संजू के पास से बरामद सुसाइड नोट में उसके पति और ससुराल वालों पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
स्थानीय निवासी रोशन लाल ने कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि महज एक साल पहले हुई इस शादी का इतना भयानक अंत होगा।
पुलिस अधीक्षक चौधरी ने कहा, ‘पोस्टमार्टम के बाद परिवार ने शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की गहन जांच चल रही है।’
भाषा
सं, जफर रवि कांत