केरल में यूडीएफ की जीत होने पर टिकट से वंचित नेताओं को महत्वपूर्ण भूमिकाएं मिलेंगी : वेणुगोपाल

Ads

केरल में यूडीएफ की जीत होने पर टिकट से वंचित नेताओं को महत्वपूर्ण भूमिकाएं मिलेंगी : वेणुगोपाल

  •  
  • Publish Date - March 21, 2026 / 04:27 PM IST,
    Updated On - March 21, 2026 / 04:27 PM IST

कोच्चि, 21 मार्च (भाषा) कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने शनिवार को कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में जिन कांग्रेस नेताओं को टिकट नहीं दिया गया है, उन्हें संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के सत्ता में आने पर महत्वपूर्ण पदों पर समायोजित किया जाएगा।

वेणुगोपाल ने यहां पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कई योग्य नेताओं ने टिकट मांगे थे और पार्टी नेतृत्व को अपनी चिंताओं से अवगत कराया था, लेकिन केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा स्वीकृत अंतिम सूची को ही समायोजित किया जा सका।

उन्होंने कहा, ‘यह सच है कि कई योग्य नेताओं के नाम पर विचार किया गया। हालांकि, जिन्हें टिेकट नहीं मिला, उन्हें यूडीएफ की सरकार बनने पर उचित सम्मान दिया जाएगा।’

उन्होंने कहा कि पार्टी उम्मीदवारों की जीत के लिए ईमानदारी से काम करने वाले नेताओं को भविष्य में उचित पद दिए जाएंगे।

कई उम्मीदवारों के चुनावी पोस्टरों में उनकी तस्वीरों के इस्तेमाल के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए वेणुगोपाल ने कहा कि उन्होंने किसी को भी अपनी तस्वीर शामिल करने के लिए नहीं कहा था और चुनावी सामग्री में प्रमुख नेताओं की तस्वीरें प्रकाशित करने को सामान्य प्रथा बताया।

उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव में उतरे सभी कांग्रेस उम्मीदवार न केवल व्यक्तिगत नेताओं का प्रतिनिधित्व करते हैं, बल्कि वी डी सतीशन, रमेश चेन्निथला और अन्य सहित सामूहिक नेतृत्व का प्रतिनिधित्व करते हैं।

वेणुगोपाल ने पालक्काड समेत कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाजपा के बीच मिलीभगत का भी आरोप लगाया और दावा किया कि आने वाले दिनों में और अधिक जानकारी सामने आएगी।

उन्होंने चुनाव परिणाम की घोषणा के समय को लेकर अपनी शंकाओं को भी दोहराया।

उम्मीदवारों के चयन में देरी को लेकर हो रही आलोचना को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपनी सूची को तुरंत अंतिम रूप दे दिया था। उन्होंने कहा कि सत्तारूढ़ एलडीएफ मौजूदा मंत्रियों सहित उम्मीदवारों द्वारा निर्वाचन क्षेत्र बदलने की घटनाएं नौ अप्रैल को होने वाले चुनावों से पहले की राजनीतिक गतिविधियों को दर्शाती हैं।

भाषा तान्या दिलीप

दिलीप