नयी दिल्ली, सात अक्टूबर (भाषा) जलवायु परिवर्तन से निपटने के संबंध में किए गए पेरिस समझौते के 10 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में संयुक्त राष्ट्र जलवायु प्रमुख सिमॉन स्टेल ने देशों से जलवायु कार्रवाई में तेज़ी लाकर और इसे सीधे आर्थिक विकास, रोज़गार और कल्याण से जोड़ने का आह्वान किया है।
थिंक टैंक ‘काउंसिल ऑन एनर्जी, एनवायरनमेंट एंड वाटर’ की ओर से आयोजित एक सभा में वीडियो संदेश में स्टेल ने कहा कि आज की दुनिया ‘पेरिस के कारण बहुत अलग है’।
उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र के तहत बहुपक्षीय सहयोग ने जलवायु पर ‘ऐतिहासिक सफलताएं’ हासिल की हैं और यह लागतार बढ़ रहा है।
स्टेल ने 2015 से अब तक हुई प्रगति पर कहा, ‘‘दस साल पहले पेरिस में दुनिया ने अपनी दिशा बदली। पहली बार हर देश वैश्विक तापमान को सीमित करने, लचीलापन बनाने और एक अधिक न्यायसंगत, सुरक्षित दुनिया बनाने के लिए कार्य करने पर सहमत हुआ।’’
उन्होंने इस बात पर प्रकाश डाला कि पेरिस समझौते का प्रभाव ‘बोर्डरूम, अदालतों, नगर भवन और समुदायों’ में भी दिखा है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा निवेश में 10 गुना वृद्धि हुई है, तथा पिछले वर्ष ही नवीकरणीय ऊर्जा में भारी निवेश हुआ।
भाषा शोभना माधव
माधव