कर्नाटक में अघोषित आपातकाल: केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे

Ads

कर्नाटक में अघोषित आपातकाल: केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे

  •  
  • Publish Date - September 19, 2024 / 04:16 PM IST,
    Updated On - September 19, 2024 / 04:16 PM IST

बेंगलुरु, 19 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की तुलना हिटलर से करते हुए आरोप लगाया कि कर्नाटक में ‘अघोषित आपातकाल’ है।

उन्होंने अपने और विधानसभा में विपक्ष के नेता आर अशोक के खिलाफ मामले दर्ज करने के लिए कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि न तो वह और न ही उनकी पार्टी के कार्यकर्ता और नेता ऐसे मामलों और धमकियों से डरेंगे और वे सरकार की कथित ‘तुष्टीकरण की राजनीति’ के खिलाफ लड़ते रहेंगे।

मांड्या जिले के नागमंगला कस्बे में हाल में हुई हिंसा के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से ‘गलत सूचना’ साझा करने के आरोप में करंदलाजे और अशोक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

करंदलाजे ने कहा, ‘कर्नाटक में एक तरह का अघोषित आपातकाल है। सिद्धरमैया मुख्यमंत्री बनने के बाद हिटलर बन गए हैं। भाजपा सांसदों और विधायकों के खिलाफ लगातार प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं। राज्य के इतिहास में पहली बार विपक्ष के नेता और एक केंद्रीय मंत्री के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है, साथ ही बेंगलुरु दक्षिण से सांसद तेजस्वी सूर्या के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है।’

उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार को ईद-ए-मिलाद जुलूस के दौरान मुख्यमंत्री के गृह जिले मैसूर में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए गए।

उन्होंने कहा, ‘कांग्रेस सरकार के नरम रुख और उसकी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण आप कर्नाटक के बहुसंख्यक हिंदुओं को बलि का बकरा बना रहे हैं।’

करंदलाजे ने आरोप लगाया कि भाजपा और हिंदू कार्यकर्ताओं पर मामले दर्ज करके उन्हें धमकाया जा रहा है।

भाषा

शुभम वैभव

वैभव