केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूर राजमार्ग परियोजना को ‘बदलाव लाने वाला अहम पड़ाव’ : हिमंत

Ads

केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूर राजमार्ग परियोजना को 'बदलाव लाने वाला अहम पड़ाव' : हिमंत

  •  
  • Publish Date - August 6, 2026 / 09:02 PM IST,
    Updated On - August 6, 2026 / 09:02 PM IST

गुवाहाटी, छह अगस्त (भाषा) असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को राज्य में एक अहम राजमार्ग परियोजना को मंजूरी देने के लिए केंद्रीय मंत्रिमंडल का शुक्रिया अदा किया और इसे ‘बदलाव लाने वाला एक अहम पड़ाव’ बताया।

सोशल मीडिया पोस्ट में मंजूर किए गए परियोजना की जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने बताया कि मंत्रिमंडल ने 8,970.20 करोड़ रुपये की लागत वाले 135.87 किलोमीटर लंबे, चार-लेन वाले गुवाहाटी-तेजपुर राजमार्ग (एनएच-15) को मंज़ूरी दे दी है।

सीएमओ के अनुसार, 19 फ्लाईओवर, पांच बड़े बाईपास, भारतीय वायुसेना (आईएएफ) के लिए आपात स्थिति में विमान उतारने की सुविधा और हाथियों के लिए अंडरपास वाली यह ‘एक्सेस-कंट्रोल्ड’ सड़क यात्रा का समय कम करेगी, काज़ीरंगा और ओरंग तक पहुंच बढ़ाएगी तथा पूरे पूर्वोत्तर में आर्थिक विकास को तेज करेगी।

शर्मा ने इसे ‘‘असम के लिए बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में एक और परिवर्तनकारी उपलब्धि’’ बताते हुए अलग सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल का परियोजना को मंजूरी देने के लिए आभार जताया।

उन्होंने कहा कि 135 किलोमीटर लंबा यह गलियारा यात्रा का समय आधा कर देगा और ब्रह्मपुत्र नदी के उत्तरी तट पर संपर्क तथा आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

भाषा राखी सुरेश

सुरेश