किसान नेताओं के साथ बैठक के लिए चंडीगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
किसान नेताओं के साथ बैठक के लिए चंडीगढ़ पहुंचे केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी
चंडीगढ़, 14 फरवरी (भाषा) केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी समेत कृषकों की विभिन्न मांगों पर चर्चा के सिलसिले में किसानों के प्रतिनिधियों के साथ होने वाली एक बैठक के लिए यहां पहुंचे।
यह बैठक फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी को लेकर एक साल से जारी किसानों विरोध प्रदर्शन के बीच हो रही है।
केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री बैठक में एक केंद्रीय टीम का नेतृत्व करेंगे, जिसमें किसानों के आंदोलन का नेतृत्व कर रहे संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) और किसान मजदूर मोर्चा का 28 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल शामिल होगा।
अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठे किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल ने कहा कि वह भी बैठक में शामिल होंगे। उन्हें खनौरी धरना स्थल से एंबुलेंस में बैठक स्थल पर ले जाया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डिया भी उपस्थित रहेंगे।
यह बैठक चंडीगढ़ में महात्मा गांधी राज्य लोक प्रशासन संस्थान, पंजाब में आयोजित की जाएगी।
किसान नेता मंजीत सिंह राय ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सरकार उनके मुद्दों का समाधान करेगी। संयुक्त किसान मोर्चा (गैर-राजनीतिक) के संयोजक डल्लेवाल फसलों पर एमएसपी की कानूनी गारंटी सहित विभिन्न मांगों को लेकर केंद्र सरकार पर दबाव बनाने के लिए 26 नवंबर से खनौरी सीमा पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर हैं।
प्रतिनिधिमंडल में शामिल प्रमुख किसान नेताओं में सरवन सिंह पंधेर, अभिमन्यु कुहाड़, काका सिंह कोटरा, सुखजीत सिंह, पी आर पांडियन, अरुण सिन्हा, लखविंदर सिंह, जसविंदर लोंगोवाल, एम एस राय, नंद कुमार, बलवंत सिंह बेहरामके और इंद्रजीत सिंह कोटबूढ़ा शामिल हैं।
भाषा
जोहेब माधव
माधव

Facebook


