उन्नाव मामला: आइसा के सदस्यों ने दिल्ली में उप्र भवन के बाहर प्रदर्शन किया

उन्नाव मामला: आइसा के सदस्यों ने दिल्ली में उप्र भवन के बाहर प्रदर्शन किया

उन्नाव मामला: आइसा के सदस्यों ने दिल्ली में उप्र भवन के बाहर प्रदर्शन किया
Modified Date: November 29, 2022 / 08:07 pm IST
Published Date: February 19, 2021 10:03 am IST

नयी दिल्ली, 19 फरवरी (भाषा) दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को वामपंथी छात्र संगठन ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) के कुछ सदस्यों को उस समय हिरासत में ले लिया जब वे उन्नाव घटना के विरोध में यहां उत्तर प्रदेश भवन के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।

उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के असोहा इलाके में बुधवार को तीन किशोरियां चारा लाने के लिए गयी थीं। बाद में वे खेत में बेसुध मिली थीं और उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था, जहां चिकित्‍सकों ने 15 साल और 14 साल की दो लड़कियों को मृत घोषित कर दिया था। 16 वर्षीय तीसरी लड़की कानपुर के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर है।

आइसा के सदस्यों ने शुक्रवार को दो किशोरियों की कथित हत्या के खिलाफ शुक्रवार को यहां उप्र भवन के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने ‘उन्नाव में दलित लड़कियों पर हमले के दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई’ और तीसरी लड़की के इलाज पर ध्यान देने की मांग की जो वेंटिलेटर पर है।

छात्र संगठन ने एक बयान में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग की और कहा कि पीड़ितों के लिए न्याय सुनिश्चित होना चाहिए।

हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को मंदिर मार्ग थाना ले जाया गया।

भाषा अविनाश मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में