नोएडा, छह फरवरी (भाषा) थाना फेस 2 क्षेत्र के नगला चरण दास गांव में 12 वर्षीय एक बच्चे ने टीवी देखने से मना किये जाने पर फंदे से लटक कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि परिजनों के अनुसार, गोलू (12) टेलीविजन अधिक देखता था, जिसके चलते उसकी मां ने उसे डांटा था और इससे नाराज होकर उसने बीती रात आत्महत्या कर ली।
थाना फेस 2 के प्रभारी निरीक्षक अवधेश प्रताप सिंह ने बताया कि ग्राम नगला चरण दास में रहने वाले अमित का बेटा गोलू पांचवीं कक्षा का छात्र था।
उन्होंने बताया, ‘‘वह टीवी देखने का आदी था, जिसके चलते उसकी मां ने उसे डांटा था तथा ‘केबल’ कटवाने की बात कही थी। इससे वह परेशान हो गया और अपने घर पर फंदे से लटक कर आत्महत्या कर ली।’’
सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पाकर पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वहीं, थाना सेक्टर 20 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सेक्टर 19 में रहने वाली एक युवती ने मानसिक तनाव के कारण अपने घर पर फंदे से लटक कर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली।
थाना सेक्टर 20 के के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार के अनुसार, कोमल (24) डिजाइनर का काम करती थी।
भाषा
सं अमित सुभाष
सुभाष