प्रयागराज, 16 अप्रैल (भाषा) उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और अखंडता सुनिश्चित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। आयोग के अध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
कुमार ने एक बयान में बताया कि आगामी प्रतियोगी परीक्षाओं में शुचिता, पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए आयोग मुख्यालय में अत्याधुनिक एकीकृत नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जहां से सभी परीक्षा केंद्रों की सघन निगरानी की जाएगी।
बयान के मुताबिक, नियंत्रण कक्ष में दो दर्जन से अधिक हाई-रेजोल्यूशन स्क्रीन और एआई कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर वास्तविक समय में नजर रखी जा सकेगी।
इसमें कहा गया है कि प्रतियोगी परीक्षाओं में किसी भी तरह की गड़बड़ी, अनियमितता या अनुचित साधनों के इस्तेमाल से जुडे़ मामलों में कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बयान में अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे परीक्षा को पूरी ईमानदारी से दें और सभी नियमों का पालन सुनिश्चित करें। इसमें अभ्यर्थियों से किसी भी तरह की अफवाहों या भ्रामक सूचनाओं पर ध्यान न देने की भी अपील की गई है।
भाषा
जफर पारुल
पारुल