उप्र: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों की हिरासत का अनुरोध किया

Ads

उप्र: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों की हिरासत का अनुरोध किया

  •  
  • Publish Date - July 11, 2026 / 11:15 PM IST,
    Updated On - July 11, 2026 / 11:15 PM IST

अयोध्या, 11 जुलाई (भाषा) उत्तर प्रदेश के अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ाने की कथित चोरी के मामले की जांच कर रही पुलिस ने जेल में बंद दो आरोपियों राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव और सुभाष श्रीवास्तव की सात दिन की पुलिस हिरासत का अनुरोध किया।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान सामने आए नए तथ्यों के सत्यापन और साक्ष्यों की बरामदगी के लिए दोनों से हिरासत में पूछताछ आवश्यक है।

जांच अधिकारी आशुतोष तिवारी के अनुरोध पर विशेष लोक अभियोजक ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम से संबंधित अदालत के विशेष न्यायाधीश के समक्ष रिमांड आवेदन दाखिल किया।

अदालत ने अर्जी पर सुनवाई के लिए 14 जुलाई की तारीख तय की है। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जांच के दौरान दोनों आरोपियों के बयानों से कुछ नए सुराग मिले हैं, जिनसे जुड़े तथ्यों की पुष्टि और मंदिर के चढ़ावे की कथित चोरी से संबंधित साक्ष्य जुटाने के लिए उनकी हिरासत में पूछताछ जरूरी है।

पुलिस के अनुसार, श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय के पूर्व चालक रह चुके राम शंकर यादव के पास दान पेटियों की चाबियों की जिम्मेदारी थी।

वहीं, सुभाष श्रीवास्तव पूर्व बैंक कर्मचारी हैं और दान की गिनती प्रक्रिया से जुड़े थे।

जांच अधिकारी ने आरोपी अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडे की पहले की पुलिस हिरासत के दौरान बरामद सामान भी अदालत में पेश किया।

जब्त सामग्री की जांच के बाद अदालत ने उसे जांच के रिकॉर्ड में शामिल करने का निर्देश दिया।

भाषा चंदन जफर जितेंद्र

जितेंद्र