उप्र: चौकी परिसर में जन्मदिन पर केक काटने का वीडियो वायरल, चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

Ads

उप्र: चौकी परिसर में जन्मदिन पर केक काटने का वीडियो वायरल, चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मी निलंबित

  •  
  • Publish Date - September 6, 2026 / 10:06 PM IST,
    Updated On - September 6, 2026 / 10:06 PM IST

महराजगंज, छह सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में एक चौकी परिसर में एक व्यक्ति द्वारा जन्मदिन का केक काटने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद चौकी प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया और मामले की जांच के आदेश दिये गये। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, वायरल वीडियो अड्डा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है।

वीडियो में एक व्यक्ति केक काटता हुआ दिख रहा है, जबकि पास में एक उपनिरीक्षक समेत कुछ पुलिसकर्मी खड़े नजर आ रहे हैं।

पुलिस परिसर में निजी आयोजन को लेकर इस वीडियो पर सवाल उठाए गए हैं।

अधिकारियों ने बताया कि महराजगंज के पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने वीडियो का तुरंत संज्ञान लिया और मामले की जांच की जिम्मेदारी निचलौल के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) बसंत सिंह को सौंपी गई है।

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में अड्डा बाजार चौकी के प्रभारी उप-निरीक्षक अखिलेश यादव, मुख्य आरक्षी विकास कुमार गौड़ और आरक्षी प्रभाव गौर, अभिमन्यु खरवार, रामकृत यादव और प्रशांत कुमार शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि जांच में शुरुआती तौर पर अनुशासनहीनता और सरकारी ड्यूटी में लापरवाही पाई गई है।

सिंह ने बताया कि वीडियो उनके संज्ञान में आया है और यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि घटना कब हुई और किन परिस्थितियों में चौकी परिसर में जन्मदिन मनाया गया।

उन्होंने बताया कि जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि युवक को चौकी में केक काटने की अनुमति किसने दी थी और वहां मौजूद पुलिसकर्मियों की क्या भूमिका थी।

अड्डा बाजार चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने इससे पहले बताया था कि पुलिसकर्मी जन्माष्टमी का कार्यक्रम मना रहे थे और इसी दौरान खैराती गांव का एक युवक वहां पहुंचा और उसने अपने जन्मदिन का केक काटने की अनुमति मांगी। उन्होंने बताया था कि वह इस तरह के निजी आयोजनों से दूर रहते हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

भाषा सं आनन्द सुरभि

सुरभि