लोकसभा में हंगामा, आज भी नहीं चला प्रश्नकाल
लोकसभा में हंगामा, आज भी नहीं चला प्रश्नकाल
नयी दिल्ली, 29 जुलाई (भाषा) दिल्ली में पिछले सप्ताह प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की मांग कर रहे विपक्षी दलों के सदस्यों के हंगामे के कारण बुधवार को लोकसभा की बैठक शुरू होने के कुछ मिनट बाद ही दोपहर 12 बजे तक स्थगित कर दी गई और सदन में आज भी प्रश्नकाल नहीं हो सका।
सदन की बैठक शुरू होने पर अध्यक्ष ओम बिरला ने 23वें राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन के 69 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक प्राप्त करने वाली हरजिंदर कौर और पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतने वाले गुलवीर सिंह की उपलब्धियों का उल्लेख किया और भारतीय खिलाड़ियों को बधाई दी।
इसके बाद जब उन्होंने प्रश्नकाल शुरू कराया तो कांग्रेस समेत कुछ विपक्षी दलों के सदस्य दिल्ली में पिछले सप्ताह प्रदर्शन करने वाले छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर गृह मंत्री अमित शाह के बयान की अपनी मांग दोहराने लगे।
नीट प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ छात्रों के प्रदर्शन और उन पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर सदन में पिछले सप्ताह मानसून सत्र की शुरुआत से गतिरोध की स्थिति थी जो मंगलवार को लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के साथ समाप्त हुई।
हालांकि, आज भी विपक्षी सदस्यों ने प्रश्नकाल में गृह मंत्री के बयान का मुद्दा उठाया और लगातार सातवें दिन प्रश्नकाल नहीं चल सका।
बिरला ने विपक्षी सदस्यों से प्रश्नकाल बाधित नहीं करने का आग्रह करते हुए कहा कि कई सांसदों ने उनके पास आकर अनुरोध किया है कि प्रश्नकाल चलना चाहिए क्योंकि बहुत कठिनाई से उनका प्रश्न सूचीबद्ध हुआ है, लेकिन कुछ सदस्य जानबूझकर सदन को बाधित करते हैं।
अध्यक्ष ने हंगामा कर रहे सांसदों से कहा, ‘‘नियोजित तरीके से सदन में व्यवधान पैदा करना उचित नहीं है। आप अन्य सदस्यों का हक नहीं मार सकते। यह तरीका उचित नहीं है।’’
इसके बाद उन्होंने कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक स्थगित।
भाषा वैभव मनीषा
मनीषा

Facebook


