छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर हंगामा, रास तीसरी बार दोपहर तीन बजे तक स्थगित
छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर हंगामा, रास तीसरी बार दोपहर तीन बजे तक स्थगित
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) ‘नीट’ परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण राज्यसभा की कार्यवाही बुधवार को दो बार के स्थगन के बाद अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
दो बार के स्थगन के बाद दोपहर दो बजे बैठक शुरू होने पर उपसभापति हरिवंश ने कार्यवाही को आगे बढ़ाने का प्रयास किया। लेकिन विपक्षी सदस्य छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे को लेकर हंगामा करने लगे।
संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि सरकार नीट पेपर लीक सहित हर महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और आसन की व्यवस्था मिलने पर चर्चा की जाएगी।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने विपक्षी सदस्यों के आचरण की निंदा करते हुए कहा कि सरकार हर अहम मुद्दे पर चर्चा करने के लिए तैयार है।
नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि विपक्षी सदस्य नियम 267 के तहत चर्चा चाहते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि चर्चा तब तक संभव नहीं है जब तक शिक्षा मंत्री इस्तीफा नहीं दे देते।
उप सभापति हरिवंश ने कहा कि पिछले चार दशकों में राज्यसभा में नियम 267 का इस्तेमाल दुर्लभ से दुर्लभतम मामलों में हुआ है।
द्रमुक सदस्य तिरुचि शिवा ने सवाल किया कि दुर्लभ से दुर्लभतम मामला क्या होता है?
इस दौरान सदन में हंगामा तेज हो गया और हरिवंश ने बैठक अपराह्न तीन बजे तक के लिए स्थगित कर दी।
इससे पहले, ‘नीट’ परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के मुद्दे पर ही विपक्ष के हंगामे के कारण उच्च सदन की बैठक पूर्वाह्न 11 बजे शुरू होने के बाद बारह बजे तक, और फिर दोपहर दो बजे तक स्थगित की गई थी।
भाषा मनीषा वैभव
वैभव

Facebook


