अमेरिका-भारत असैन्य अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह की बैठक अगस्त में बेंगलुरु में होगी
अमेरिका-भारत असैन्य अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह की बैठक अगस्त में बेंगलुरु में होगी
बेंगलुरु, 20 जुलाई (भाषा) अमेरिका-भारत असैन्य अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह की बैठक अगस्त की शुरुआत में कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में होगी। चेन्नई स्थित अमेरिकी महावाणिज्य दूतावास में जन कूटनीति अधिकारी एरिक एटकिंस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
एटकिंस ने बेंगलुरु में आयोजित एक संवाद कार्यक्रम में कहा कि अमेरिका और भारत के बीच विशेषज्ञों की द्विपक्षीय बैठक अंतरिक्ष क्षेत्र में दोनों देशों के बीच निर्धारित अगली वार्ता होगी। हालांकि, उन्होंने इस बारे में विस्तार से जानकारी देने से इनकार कर दिया।
अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग से जुड़े एक सवाल पर एटकिंस ने कहा, “मैं बस इतना कह सकता हूं कि हमारे कैलेंडर में निर्धारित अगली बैठक अगस्त की शुरुआत में है। असैन्य अंतरिक्ष संयुक्त कार्य समूह की अगली बैठक यहीं बेंगलुरु में आयोजित की जाएगी।”
एटकिंस ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरिक्ष सहयोग भारत और अमेरिका के संबंधों का एक अहम आधार बना हुआ है।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बीच फरवरी 2025 में हुई बातचीत में अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग और ‘ट्रस्ट’ (ट्रांसफॉर्मिंग द रिलेशनशिप यूटिलाइजिंग स्ट्रैटेजिक टेक्नोलॉजी) पहल को द्विपक्षीय संबंधों के प्रमुख क्षेत्रों के रूप में रेखांकित किया गया था।
भाषा पारुल अविनाश
अविनाश

Facebook


