तिरुवनंतपुरम, 10 अगस्त (भाषा) केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने सोमवार को दिल्ली में नीट प्रश्न पत्र लीक और उससे जुड़े अन्य मुद्दों पर शांतिपूर्ण विरोध कर रहे छात्रों के खिलाफ बल प्रयोग को ‘बेहद चिंताजनक’ बताया।
सतीशन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी एक पोस्ट में यह टिप्पणी लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के उस सोशल मीडिया संदेश का ज़िक्र करते हुए की, जिसमें प्रदर्शनकारियों (जिनमें युवतियां भी शामिल थीं) पर पुलिस द्वारा कथित हमले की बात कही गई थी।
राहुल गांधी ने एक प्रमुख दैनिक समाचार पत्र में प्रकाशित संपादकीय में आरोप लगाया कि छात्रों पर ‘‘पैलेट गन और कील लगी लाठियों’’ का इस्तेमाल किया गया और आंसू गैस छोड़ी गई। उन्होंने इस मामले की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की। नेता प्रतिपक्ष ने इस घटना को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा।
सतीशन ने गांधी के पोस्ट का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘जो छात्र शांतिपूर्ण ढंग से अपने भविष्य से जुड़े सवाल उठा रहे थे, उनके खिलाफ बल प्रयोग करना बेहद चिंताजनक है। युवतियों और नाबालिगों के खिलाफ हिंसा के आरोपों की गंभीरता से और तुरंत जांच होनी चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि गांधी ने ‘‘सही’’ कहा है कि जवाबदेही की जगह चुप्पी नहीं ले सकती और जब इतने गंभीर आरोप लगाए जाते हैं, तो संसद और देश की जनता जवाब पाने की हकदार है।
सतीशन ने कहा, ‘‘सच का पता लगाने और जवाबदेही तय करने के लिए निष्पक्ष, पारदर्शी और स्वतंत्र जांच आवश्यक है। लोकतंत्र में युवाओं की आवाज सुनी जानी चाहिए, उसे दबाया नहीं जाना चाहिए।’’
भाषा धीरज रंजन
रंजन