उप्र : सीतापुर में बच्ची का शव बरामद, पुलिस को हत्या किए जाने का संदेह
उप्र : सीतापुर में बच्ची का शव बरामद, पुलिस को हत्या किए जाने का संदेह
सीतापुर (उप्र), 10 फरवरी (भाषा) उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बिसवा थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव में चार वर्षीय एक बच्ची का शव बरामद हुआ। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस को संदेह है कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गयी है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को नौ और 10 फरवरी की दरमियानी रात को बच्ची का शव मिलने की सूचना मिली थी।
उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच और सबूतों के आधार पर संदेह है कि बच्ची की गला घोंटकर हत्या की गई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
एएसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच के बाद बच्ची के शव को मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और शांति बनाए रखने के लिए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस घटना से पूरा इलाका सदमे में है और ग्रामीण आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहे हैं।
प्रशासन ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है कि कानूनी कार्रवाई तुरंत शुरू की जा रही है।
भाषा
सं, आनन्द रवि कांत

Facebook


