नोएडा (उप्र), 22 जुलाई (भाषा) जनपद गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर-51 स्थित एक विद्यालय में पढ़ने गईं राजकीय बाल गृह में रहने वाली तीन नाबालिग लड़कियां लापता हो गई हैं। इस मामले में राजकीय बाल गृह की प्रभारी ने थाना सेक्टर-49 में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी ने इन लड़कियों की देखरेख के लिए जिम्मेदार दो सहायिकाओं के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-62 स्थित राजकीय बाल गृह की प्रभारी अनूदिता सिंह ने 10 से 13 वर्षीय तीन लड़कियों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के मुताबिक, तीनों लड़कियां मंगलवार को एक बस में बैठकर पढ़ने के लिए सेक्टर-51 स्थित स्कूल गई थीं, वहां से तीनों बालिकाएं लापता हो गई हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि लड़कियों की देखरेख की जिम्मेदारी संस्था की सहायिका सरिता और मनीषा की थी, जो स्कूल में मौजूद थीं।
उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस की तीन टीमें लड़कियों की तलाश कर रही हैं।
भाषा सं सिम्मी शफीक
शफीक